हंगामा करने वाले 4 लोगों पर कार्रवाई

दुर्ग। होली पर्व को लेकर पुरानी भिलाई नगर थाना पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो, इसके लिए लगातार रात्रि गश्त की जा रही है।

21 फरवरी की रात पेट्रोलिंग के दौरान दादर भिलाई-3 और ग्राम अमेरी में कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर हंगामा किए जाने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संबंधित व्यक्तियों को समझाइश दी।

हालांकि, शांति भंग होने की आशंका को देखते हुए चार लोगों को अभिरक्षा में लिया गया। इनके खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170, 126 और 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में पुष्पेंद्र पटेल, पंकज पटेल और शुभम पटेल, सभी निवासी दादर भिलाई-3, तथा देवेंद्र कुर्रे, निवासी ग्राम अमेरी शामिल हैं।