नाबालिग से दुष्कर्म मामले में फरार मुख्य आरोपी PWD कर्मचारी गिरफ्तार, सांसद के निज सहायक सहित अब तक 4 गिरफ्तार

नाबालिग से दुष्कर्म मामले में फरार मुख्य आरोपी PWD कर्मचारी गिरफ्तार, सांसद के निज सहायक सहित अब तक 4 गिरफ्तार

दुर्ग। महिला थाना दुर्ग में दर्ज नाबालिग पीड़िता से दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में अब तक सांसद के निज सहायक सहित चार आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि शेष की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 30 जनवरी 2026 को पीड़िता अपनी माता के साथ महिला थाना पहुंची और लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि अप्रैल 2018 से अक्टूबर 2025 के बीच, पीड़िता के नाबालिग होने की जानकारी के बावजूद छह आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म और सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं कीं।

रिपोर्ट के आधार पर धारा 65(1), 70(2) BNS तथा POCSO एक्ट की धारा 6 और 12 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पहले ही तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था।

इसी क्रम में फरार आरोपी कृपा शंकर उर्फ राजू कश्यप (58 वर्ष) को 7 फरवरी 2026 को साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को अभिरक्षा में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा।

पुलिस के अनुसार मामले में इलेक्ट्रॉनिक और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए हैं, जिनकी जांच जारी है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

मामला संवेदनशील होने के कारण पीड़िता की पहचान गोपनीय रखी गई है। महिला थाना और जांच टीम द्वारा प्रकरण में आगे की कार्रवाई जारी है।