प्रतिबंधित चीनी मांझा पर निगम और पुलिस की सख्ती, दुकानों में चल जांच अभियान

प्रतिबंधित चीनी मांझा पर निगम और पुलिस की सख्ती, दुकानों में चल जांच अभियान

भिलाई। प्रतिबंधित चीनी मांझा की बिक्री पर रोक लगाने नगर पालिक निगम भिलाई और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त कार्रवाई की है। निगम आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय और नगर पुलिस अधीक्षक को मिली सूचना के बाद यह अभियान चलाया गया कि कुछ दुकानों में चोरी छिपे खतरनाक चीनी मांझा बेचा जा रहा है।

आयुक्त के निर्देश पर निगम और पुलिस की टीम ने शहर के अलग अलग इलाकों में दुकानों की जांच की। इस दौरान किसी भी दुकान में चीनी मांझा नहीं मिला, लेकिन सभी दुकानदारों को साफ चेतावनी दी गई कि यह पूरी तरह प्रतिबंधित है और इसकी खरीद बिक्री करते पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी।

अधिकारियों ने बताया कि चीनी मांझा बेहद खतरनाक होता है क्योंकि इसमें कांच की परत लगी होती है। अगर यह किसी व्यक्ति या बच्चे के शरीर से रगड़ जाए तो गंभीर कट लग सकता है और जानलेवा हादसे तक हो सकते हैं। हर साल इसके कारण कई लोग घायल होते हैं।

नगर निगम ने दुकानदारों और नागरिकों से अपील की है कि वे न तो चीनी मांझा खरीदें और न ही बेचें। यह कानूनन अपराध है और लोगों की जान के लिए खतरा भी।

इस कार्रवाई में स्वास्थ्य अधिकारी, सहायक राजस्व अधिकारी, बेदखली प्रभारी, जोन स्वास्थ्य और स्वच्छता अधिकारी, सुपरवाइजर, बेदखली दल और सुपेला थाना पुलिस के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।