दुर्ग नगर निगम परिसर में शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ, महापौर और आयुक्त ने किया अखंड ज्योति प्रज्वलन

दुर्ग। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर नगर पालिक निगम परिसर स्थित माँ दुर्गा मंदिर में भव्य पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान के साथ महोत्सव की शुरुआत हुई। महापौर अलका बाघमार और नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने अखंड ज्योति कलश प्रज्वलित कर नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ किया।
पहले ही दिन मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और देवी जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर एमआईसी सदस्य देवनारायण चंद्राकर, शेखर चंद्राकर, ज्ञानेश्वर ताम्रकर, नीलेश अग्रवाल, लीलाधर पाल, पार्षद साजन जोसफ, ललित ढीमर, जितेंद्र राजपूत, दुर्गेश गुप्ता, शुभम गोइर, लता यादव, हेमलता वर्मा, साक्षी वर्मा, चित्रलेखा चंद्राकर, गोपाल खत्री सहित निगम अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने माता रानी के समक्ष दीप जलाकर श्रद्धा अर्पित की।
महापौर अलका बाघमार ने कहा कि नवरात्र शक्ति और साधना का पर्व है, जो हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने नगर की सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। वहीं आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम परिवार नगरवासियों की खुशहाली और उत्तम स्वास्थ्य के लिए मां दुर्गा से प्रार्थना करता है और उनकी कृपा से शहर निरंतर विकास पथ पर अग्रसर होगा।
नवरात्र महोत्सव के दौरान प्रतिदिन विशेष पूजा और भजन-कीर्तन का आयोजन होगा, जिसमें नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होकर माता रानी की आराधना कर सकेंगे। मंदिर परिसर को पुष्प और रंगोली से सजाया गया है, जिससे वातावरण और भी भक्ति से सराबोर हो उठा।