कांग्रेस किसानों को बरगला रही, खाद-बीज की कोई कमी नहीं: विधायक ललित चंद्राकर

दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज पर झूठ फैलाने का आरोप लगाया। कहा- प्रदेश में खाद-बीज भरपूर उपलब्ध, भाजपा सरकार किसानों की समृद्धि के लिए कटिबद्ध है।

कांग्रेस किसानों को बरगला रही, खाद-बीज की कोई कमी नहीं: विधायक ललित चंद्राकर

दुर्ग। दुर्ग ग्रामीण विधायक एवं राज्य ग्रामीण एवं अन्य पिछड़ा वर्ग क्षेत्र विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ललित चंद्राकर ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा खाद-बीज की कमी को लेकर दिए गए बयान सफेद झूठ और भ्रामक प्रचार हैं, जिसका उद्देश्य प्रदेश के किसानों को भटकाना और अराजकता फैलाना है।

विधायक चंद्राकर ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार पूरी तरह संकल्पित है कि प्रदेश में किसानों को खाद-बीज के लिए परेशान न होना पड़े। उन्होंने बताया कि प्रदेश में नैनो यूरिया, एनपीके, सुपर फास्फेट और ग्रोमोर जैसे उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं, साथ ही 6 लाख क्विंटल से अधिक प्रमाणित बीज और नगद कृषि ऋण का वितरण भी सुचारु रूप से किया जा रहा है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह जानबूझकर किसानों में भ्रम और भय का वातावरण तैयार कर रही है ताकि अराजकता फैलाई जा सके।

कांग्रेस शासनकाल में किसानों को बोनस नहीं मिला, धान खरीदी में धांधली, बारदाना संकट, नकली कीटनाशकों से फसल बर्बादी, और किसानों की आत्महत्याएं हुईं — इन सबकी याद दिलाते हुए चंद्राकर ने कहा कि अब जब किसानों को राहत मिल रही है, तब कांग्रेस को उनकी समृद्धि पच नहीं रही। उन्होंने आगे कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही 25 दिसंबर को दो वर्षों का लंबित बोनस दिया और आज 31 सौ रुपए प्रति क्विंटल की दर से 21 क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से धान की खरीदी हो रही है, जिसकी राशि एकमुश्त किसानों के खातों में जमा की जा रही है। यह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की किसान हितैषी नीतियों के कारण संभव हो पाया है।