बीएसपी मेनगेट पार्किंग से बाइक और सेक्टर-2 से स्कूटी चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
बोरिया मार्केट के पास चोरी की बाइक बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा; 60 हजार रुपये की मोटरसाइकिल बरामद









भिलाई। बीएसपी मेनगेट पार्किंग और सेक्टर-2 से मोटरसाइकिल व स्कूटी चोरी करने के मामले में भिलाई भट्ठी पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 60 हजार रुपये बताई गई है। चोरी की स्कूटी को पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, खुर्सीपार के जोन-2 निवासी सुशील कुमार ने 28 सितंबर 2026 को थाना भिलाई भट्ठी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 26 सितंबर को सुबह 7:55 बजे से रात 8 बजे के बीच बीएसपी मेनगेट पार्किंग से उनकी होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 CX 0141 चोरी हो गई थी। शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
चोरी की बाइक बेचने के लिए तलाश रहे थे ग्राहक
विवेचना के दौरान पुलिस चोरी गई मोटरसाइकिल और आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच सूचना मिली कि दो व्यक्ति बोरिया मार्केट के पास चोरी की मोटरसाइकिल बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर भिलाई भट्ठी पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान यामलाल (35) और शरदकांत (25), दोनों निवासी ग्राम मोरिद, थाना उतई, जिला दुर्ग के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने बीएसपी मेनगेट पार्किंग से मोटरसाइकिल और सेक्टर-2, भिलाई से स्कूटी चोरी करना स्वीकार किया।
सेक्टर-1 के सुहान स्टैंड से मिली थी स्कूटी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने चोरी की स्कूटी को सेक्टर-1 स्थित सुहान स्टैंड में छिपाकर रखा था। पुलिस पहले ही स्कूटी बरामद कर चुकी थी। वहीं, आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की होंडा पैशन प्रो मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई। दोनों आरोपियों को 11 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
