घर की बाड़ी में सब्जियों के बीच उगा रखा था गांजा, 112 पौधों के साथ आरोपी गिरफ्तार

बरियों चौकी पुलिस की कार्रवाई, 36 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद; कीमत करीब 3.50 लाख रुपए

घर की बाड़ी में सब्जियों के बीच उगा रखा था गांजा, 112 पौधों के साथ आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर। जिले में नशीले पदार्थों की खेती और अवैध कारोबार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत बरियों चौकी पुलिस ने गांजे की खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने ग्राम खुखरी, रखेतपारा में एक आरोपी के घर की बाड़ी में सब्जियों की फसल के बीच उगाए गए 112 नग गांजे के पौधे बरामद किए हैं। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम और अनुमानित कीमत 3 लाख 50 हजार रुपए बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर 2026 को बरियों चौकी प्रभारी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम खुखरी, रखेतपारा में एक व्यक्ति अपनी बाड़ी में सब्जी की फसल के बीच गांजे के पौधों की खेती कर रहा है। सूचना के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दी गई और पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर घर के बाहर मौजूद संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम कबीर साय टेकाम (51 वर्ष), निवासी ग्राम खुखरी, रखेतपारा, चौकी बरियों, थाना राजपुर, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज बताया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपनी बाड़ी में सब्जियों की फसल के बीच गांजे के पौधे उगाने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने बाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान सब्जी की फसल के बीच गांजे के पौधे लगे मिले। पुलिस ने मौके से कुल 112 नग गांजे के पौधे बरामद किए। इनका कुल वजन करीब 36 किलो 300 ग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 3 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने गांजे के पौधों को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर लिया। मामले में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 248/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध NDPS एक्ट की धारा 20(b)(ii)C और 8(B) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। इसके बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।