255 लोगों की जान बचाने वाली SDRF टीम सम्मानित, 23 जवानों को मिला प्रशस्ति पत्र

दुर्ग। 25 से 27 सितंबर 2026 के बीच हुई भारी अतिवृष्टि के दौरान दुर्ग जिले और सीमावर्ती क्षेत्रों में राहत एवं बचाव अभियान चलाकर 255 नागरिकों को सुरक्षित निकालने वाली एसडीआरएफ टीम के 23 जवानों को सम्मानित किया गया।
भारी बारिश के चलते शिवनाथ और खारून नदियों सहित करीब 30 स्थानीय नालों का जलस्तर बढ़ गया था। कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनने के बाद एसडीआरएफ जवानों ने जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में पहुंचकर लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों तक पहुंचाया।
बचाव अभियान के दौरान वृद्धजन, महिलाएं और छोटे बच्चे भी सुरक्षित निकाले गए। एसडीआरएफ ने थाना कुम्हारी क्षेत्र के पाहंदा, परसदा और जगदीशबाड़ी, अमलेश्वर क्षेत्र के ग्रीनहंट कॉलोनी और खुरमुड़ा, बोरी क्षेत्र के दनिया तथा पुलगांव क्षेत्र के डांडेसरा सहित अन्य प्रभावित इलाकों में अभियान चलाया। इसके अलावा बेमेतरा जिले के बेरला और अमलीडीहा क्षेत्र में भी राहत एवं बचाव कार्य किया गया।
अलग-अलग क्षेत्रों में जवानों ने संभाला मोर्चा
शिवनाथ नदी क्षेत्र, थाना पुलगांव में हवलदार ईश्वर खरे सहित 17 जवानों ने बचाव अभियान में हिस्सा लिया। खारून नदी क्षेत्र, थाना कुम्हारी में आरक्षक हेमराज मेरावी और आरक्षक दिलीप कुमार ने मोर्चा संभाला। जयंती स्टेडियम, रूआबांधा, थाना भिलाई नगर क्षेत्र में आरक्षक दिनेश चंद्राकर और सैनिक धर्मेन्द्र साहू ने बचाव कार्य किया। वहीं मड़ौदा डेम, थाना नेवई क्षेत्र में आरक्षक योगेश्वर साहू और सैनिक रमेश कुमार ने राहत एवं बचाव कार्य किया। दुर्ग पुलिस ने आपदा के दौरान तत्परता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने वाले सभी 23 एसडीआरएफ जवानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि अतिवृष्टि या बाढ़ की स्थिति में नदी, नाले और अन्य जलस्रोतों के आसपास जाने से बचें। प्रशासन और पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस या राहत-बचाव दल को सूचना दें।
