हुडको में कार से 260 नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
गणेश पंडाल के पास पुलिस की कार्रवाई, ₹1.04 लाख की टैबलेट के साथ कार और 4 मोबाइल जब्त

भिलाई। सूखे नशे के खिलाफ दुर्ग पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में भिलाईनगर पुलिस ने हुडको के लाल मैदान स्थित गणेश पंडाल के पास एक कार से अवैध नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट बरामद कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 260 टैबलेट, एक कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास एक सफेद रंग की कार में कुछ लोगों के पास अवैध नशीली टैबलेट रखी हुई है। सूचना मिलते ही भिलाईनगर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध कार की घेराबंदी कर उसमें मौजूद तीन लोगों को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 260 नग अल्प्राजोलम टैबलेट मिलीं। इनका कुल वजन 33.800 ग्राम और अनुमानित कीमत 1 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों से टैबलेट रखने और ले जाने से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस के मुताबिक तलाशी में हेमन्त कुमार देवांगन के कब्जे से 160 टैबलेट, अमन सिंह से 50 टैबलेट और आशीष दास से 50 टैबलेट बरामद हुईं।
कार और मोबाइल भी जब्त
नशीली टैबलेट के अलावा पुलिस ने घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की कार क्रमांक CG 04 H 4345 भी जब्त की है। कार की अनुमानित कीमत करीब 70 हजार रुपये बताई गई है। इसके साथ ही आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 हजार रुपये है, भी जब्त किए गए।
तीनों आरोपी न्यायिक रिमांड पर
मामले में थाना भिलाईनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 540/2026 के तहत धारा 22(ख) एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज किया है। तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमन्त कुमार देवांगन उम्र 31 वर्ष, निवासी पाटनकर कॉलोनी, गुरुद्वारा रोड, थाना मोहननगर, दुर्ग; आशीष दास उम्र 26 वर्ष, निवासी LIG-285 हुडको; और अमन सिंह उम्र 22 वर्ष, निवासी मकान नंबर 81/I परिजात तालपुरी, थाना भिलाईनगर के रूप में हुई है।
