हथियार लहराकर राहगीरों को डरा रहे थे 4 युवक, चापड़-गंडासा और फरसा के साथ गिरफ्तार

सुपेला पुलिस की चार अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई, आरोपियों के कब्जे से चार धारदार हथियार बरामद, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए सभी आरोपी

हथियार लहराकर राहगीरों को डरा रहे थे 4 युवक, चापड़-गंडासा और फरसा के साथ गिरफ्तार

भिलाई। शहर में सार्वजनिक स्थानों पर धारदार हथियार लेकर घूमने और राहगीरों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सुपेला थाना क्षेत्र में अलग-अलग चार स्थानों पर हथियार लहराकर आम नागरिकों को भयभीत कर रहे चार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक चापड़, दो गंडासा और एक फरसा नुमा धारदार हथियार बरामद किया गया है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस के मुताबिक, 6 नवंबर को सुपेला थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि क्षेत्र के अलग-अलग सार्वजनिक स्थानों पर कुछ लोग धारदार हथियार लेकर राहगीरों को डरा-धमका रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की अलग-अलग टीमें सक्रिय हुईं और बताए गए स्थानों पर दबिश देकर आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ा।

चार अलग-अलग स्थानों पर पुलिस की कार्रवाई

पहली कार्रवाई नेहरू नगर स्थित जिम गार्डन के पास की गई, जहां कुलदीप उर्फ शिवादीप उर्फ बगीरा (38 वर्ष) लोहे का धारदार चापड़ लेकर राहगीरों को डरा रहा था। दूसरी कार्रवाई राधिका नगर रोड स्थित आर.के. ग्राउंड के पास हुई। यहां समाउल हक अंसारी (24 वर्ष) लोहे का गंडासा लेकर लोगों को भयभीत कर रहा था। तीसरी कार्रवाई फरीद नगर के लाल मैदान रोड पर की गई, जहां संतोष प्रसाद उर्फ टकला (20 वर्ष) गंडासा लेकर राहगीरों को डराते हुए पकड़ा गया। वहीं चौथी कार्रवाई लाल मैदान, फरीद नगर के पास हुई। यहां संदीप सोनकर उर्फ गोरखा (31 वर्ष) लकड़ी का मुठ लगा फरसा नुमा धारदार हथियार लेकर लोगों को भयभीत कर रहा था।

आर्म्स एक्ट के तहत चार अलग-अलग मामले दर्ज

पुलिस ने चारों आरोपियों के कब्जे से हथियार जब्त कर उनके खिलाफ अपराध क्रमांक 1674/2026, 1675/2026, 1676/2026 और 1777/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट में कार्रवाई की है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय दुर्ग में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।