माड़ मैत्री वालीबाल टूर्नामेंट के फाइनल राउंड का आगाज, अबुझमाड़ की टीमें बनीं आकर्षण का केंद्र

नारायणपुर। नारायणपुर पुलिस द्वारा “माड़ मैत्री अभियान” के तहत आयोजित “माड़ मैत्री वालीबाल टूर्नामेंट” के फाइनल राउंड का शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। प्रतियोगिता में जिलेभर से 120 से अधिक टीमों ने हिस्सा लिया, जिनमें से शानदार प्रदर्शन करने वाली 32 टीमें अब फाइनल राउंड में पहुंची हैं। पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में आयोजित इस टूर्नामेंट के प्रारंभिक मुकाबले 18 मई से 25 मई 2026 तक जिले के 14 थानों और 8 कैंप स्तरों पर कराए गए थे। अब मुख्यालय स्तर पर फाइनल मुकाबले खेले जा रहे हैं। इस बार प्रतियोगिता में अबुझमाड़ के अंदरूनी गांवों नेलांगुर, उसेबेड़ा, जपगुंडा, गुदाड़ी, रेंगाबेड़ा और कोंगे की टीमों की भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दूरस्थ क्षेत्रों की टीमों का फाइनल राउंड तक पहुंचना युवाओं में बढ़ते आत्मविश्वास और खेल के प्रति रुचि को दर्शाता है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक “माड़ मैत्री अभियान” का उद्देश्य युवाओं को खेल, अनुशासन और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है, ताकि वे मुख्यधारा से जुड़कर अपनी प्रतिभा को निखार सकें। अभियान के जरिए “विग्रह से विश्वास” की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। फाइनल राउंड में 28 मई को दो मुकाबले खेले गए। पहले मैच में नारायणपुर की टीम ने करलखा को लगातार दो सेट जीतकर हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में बासिंग की टीम ने बड़े जमरी को दो सेट जीतकर पराजित किया।

टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 1 जून 2026 को शाम 5 बजे खेला जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम मौजूद रहे। बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा प्रतियोगिता देखने पहुंचे। खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। नारायणपुर पुलिस ने सभी खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से खेल और सकारात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
