गणेश पंडाल में अवैध पार्किंग शुल्क वसूली पर निगम की कार्रवाई

भिलाई के सेक्टर-10 गणेश पंडाल में पार्किंग शुल्क वसूली की शिकायत पर नगर निगम ने कार्रवाई की। निगम टीम ने 5 कट्टा रसीद जब्त कर समिति पदाधिकारियों को अवैध शुल्क वसूली बंद करने की हिदायत दी।

गणेश पंडाल में अवैध पार्किंग शुल्क वसूली पर निगम की कार्रवाई

भिलाई। सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल में पार्किंग शुल्क वसूली की शिकायत पर नगर पालिक निगम भिलाई ने कार्रवाई की है। निगम की टीम ने मौके पर निरीक्षण कर पार्किंग शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त की। संबंधित समिति के पदाधिकारियों को तत्काल शुल्क वसूली बंद करने की हिदायत दी गई है।

नगर निगम के अनुसार आयुक्त सुरुचि सिंह के आदेश और जोन आयुक्त येशा लहरे के निर्देश पर निगम की टीम ने संध्याकाल सेक्टर-10 स्थित गणेश पंडाल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम टीम को शिवमानस गणेशोत्सव समिति की ओर से किसी प्रकार की पार्किंग शुल्क वसूली करते हुए नहीं पाया गया। वहीं सिद्धि विनायक गणेशोत्सव समिति, सेक्टर-10 द्वारा स्वास्तिक सायकल स्टैंड के नाम से दुपहिया और चौपहिया वाहनों से पार्किंग शुल्क लिए जाने की जानकारी सामने आई। निगम के मुताबिक मौके पर वाहनों से 10, 20 और 30 रुपये की राशि पार्किंग शुल्क के रूप में वसूली जा रही थी। इसके बाद निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए शुल्क वसूली में इस्तेमाल की जा रही 5 कट्टा रसीद जब्त कर ली।

इसके साथ ही समिति के अध्यक्ष और पदाधिकारियों को मौके पर ही स्पष्ट निर्देश दिया गया कि पार्किंग शुल्क की वसूली तत्काल बंद की जाए। निगम अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह की अनधिकृत वसूली पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने कहा कि गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं और नागरिकों की सुविधा को देखते हुए विभिन्न गणेश पंडालों और आयोजन स्थलों की व्यवस्थाओं पर निगरानी रखी जा रही है। निगम ने आयोजन समितियों से नियमों का पालन करने और श्रद्धालुओं से किसी भी प्रकार की अनधिकृत राशि नहीं लेने की अपील की है। कार्रवाई के दौरान नगर निगम भिलाई जोन क्रमांक-5 के सहायक राजस्व अधिकारी अनिल मेश्राम सहित पुलिस प्रशासन भिलाई नगर की टीम मौजूद रही।