टाइटन-फास्ट्रैक की नकली घड़ियों का कारोबार पकड़ा, 280 घड़ियां बरामद
इंदिरा मार्केट की सत कबीर वाच में दुर्ग पुलिस की दबिश, दुकान संचालक गिरफ्तार; नकली टैग और मोबाइल भी जब्त

दुर्ग। शहर के इंदिरा मार्केट में ब्रांडेड कंपनी टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का दुरुपयोग कर नकली घड़ियां बेचने के मामले में दुर्ग कोतवाली पुलिस ने दुकान संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दुकान से टाइटन और फास्ट्रैक कंपनी की 280 नग नकली घड़ियां, फास्ट्रैक के 275 नकली टैग और आरोपी का मोबाइल जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 5 सितंबर को गौरव तिवारी, निवासी द्वारका, नई दिल्ली, जो टाइटन कंपनी की ओर से ब्रांडेड घड़ियों की असली-नकली जांच और कार्रवाई के लिए अधिकृत हैं, ने दुर्ग कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच का संचालक लंबे समय से टाइटन और फास्ट्रैक के नाम का इस्तेमाल कर नकली घड़ियां बेच रहा है।
मुखबिर की सूचना पर दुकान में दबिश
शिकायत और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर दुर्ग कोतवाली पुलिस ने 5 सितंबर की शाम करीब 6 बजे इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वाच दुकान पर दबिश दी। जांच के दौरान बड़ी संख्या में ब्रांडेड कंपनियों के नाम वाली नकली घड़ियां और फास्ट्रैक के नकली टैग बरामद हुए।
पुलिस ने मामले में दुकान संचालक कमलेश निर्मलकर (41), पिता सुमेरी निर्मलकर, निवासी पंचशील नगर, वार्ड नंबर 1, दुर्ग को गिरफ्तार किया।
नकली को असली बताकर बेचने का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपी प्रसिद्ध ब्रांड टाइटन और फास्ट्रैक के नाम एवं ट्रेडमार्क का दुरुपयोग कर नकली घड़ियों को बाजार में असली बताकर बेचता था। इसके जरिए ग्राहकों से धोखाधड़ी कर अवैध लाभ कमाने का आरोप है।
मामले में कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और बीएनएस की धारा 318(4) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। थाना दुर्ग कोतवाली में अपराध क्रमांक 0483/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह सामान हुआ जब्त
टाइटन और फास्ट्रैक की 280 नकली घड़ियां
फास्ट्रैक कंपनी के 275 नकली टैग
घटना में प्रयुक्त आरोपी का मोबाइल फोन
पुलिस की कार्रवाई से इंदिरा मार्केट में नकली ब्रांडेड सामान के कारोबार को लेकर भी सवाल उठे हैं। मामले में जब्त घड़ियों और अन्य सामग्री की जांच की जा रही है।
