ईद मिलाद-उन-नबी पर जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन सख्त
निर्धारित मार्ग और समय का पालन जरूरी, वालेंटियरों की सूची थाना में देनी होगी; बच्चों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

भिलाई। ईद मिलाद-उन-नबी पर्व को लेकर दुर्ग-भिलाई में पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूसों को लेकर सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-6, भिलाई में मुस्लिम कमेटियों के पदाधिकारियों और सदस्यों के साथ बैठक हुई। इसमें जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, वालेंटियर और यातायात व्यवस्था को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
समय पर खत्म करना होगा जुलूस
बैठक में मुस्लिम कमेटियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि जुलूस निर्धारित मार्ग और समय के अनुसार ही निकाला जाए। जुलूस को समय पर समाप्त करने पर भी विशेष जोर दिया गया, ताकि यातायात और कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो।
वालेंटियरों की सूची पहले देनी होगी
पुलिस ने जुलूस के दौरान पर्याप्त संख्या में वालेंटियर तैनात करने के निर्देश दिए हैं। सभी वालेंटियरों की सूची पर्व से पहले संबंधित थाने में उपलब्ध कराने को कहा गया है। पुलिस का मानना है कि वालेंटियरों की सक्रिय भूमिका से जुलूस को व्यवस्थित रखने में मदद मिलेगी।
यातायात व्यवस्था पर विशेष नजर
जुलूस के दौरान सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित न हो, इसके लिए उसे निर्धारित मार्ग की एक ओर से व्यवस्थित तरीके से निकालने की समझाइश दी गई। पुलिस और यातायात विभाग ने इस दौरान व्यवस्था बनाए रखने में कमेटी सदस्यों से सहयोग की अपील की।
बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी कमेटियों की
बैठक में छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। पुलिस ने जुलूस में शामिल बच्चों पर नजर रखने और किसी तरह की अव्यवस्था नहीं होने देने की अपील की। साथ ही शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने को कहा गया।
अधिकारियों की मौजूदगी में हुई बैठक
बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी दुर्ग वीरेंद्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर दुर्ग शोभराज अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात कौशलेन्द्र देव पटेल, नगर पुलिस अधीक्षक दुर्ग हर्षित मेहर, डिप्टी कलेक्टर प्रेमलाल साव, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर निशांत पाठक और उप पुलिस अधीक्षक यातायात विशाल सोन मौजूद रहे।
बैठक में भिलाई और दुर्ग की विभिन्न मुस्लिम कमेटियों के प्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया। इनमें सेक्टर-6 जामा मस्जिद से मिर्जा आसिम बेग, गौसिया मस्जिद से नजरूल खान, सेक्टर-6 से एस.जे. कुरैशी, हाउसिंग बोर्ड मस्जिद से मोहम्मद इफ्तिखार खान, कैम्प-1 मस्जिद से मोहम्मद जमाल, रूआबांधा से शमशेर अली, जामा मस्जिद दुर्ग से शेख शकील, सीरत पाक दुर्ग से अनिस रजा और दुर्ग से सैय्यद मोहसीन अली सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।
कमेटियों ने दिया सहयोग का भरोसा
मुस्लिम कमेटी के प्रतिनिधियों ने निर्धारित मार्ग और समय का पालन करते हुए जुलूस शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से निकालने का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को आवश्यक सहयोग देने की बात भी कही।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से ईद मिलाद-उन-नबी पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। पुलिस ने जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने और बच्चों व परिजनों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा है। संदिग्ध गतिविधि या कानून-व्यवस्था से जुड़ी किसी भी स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की गई है।
