मंदिर की दानपेटी से 3 हजार रुपये चोरी, पास के कमरे में आग लगाने के मामले में आरोपी गिरफ्तार
रिसाली भांठा स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में चोरी के बाद भंडारण कक्ष में लगी थी आग, नेवई पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा

भिलाई। रिसाली भांठा स्थित वीर लंगूर भगवान मंदिर में ताला तोड़कर दानपेटी से नगदी चोरी करने और मंदिर के पास स्थित सामान भंडारण कक्ष में आग लगने की घटना में नेवई पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मंदिर की दानपेटी से करीब 3 हजार रुपये चोरी किए गए थे। घटना के बाद भंडारण कक्ष में रखी घरेलू और भंडारा सामग्री आग से क्षतिग्रस्त हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना की रिपोर्ट 26 नवंबर को प्रार्थी प्रदीप महानंद ने थाना नेवई में दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि रिसाली भांठा स्थित चार टंकी के पास वीर लंगूर भगवान मंदिर है। मंदिर के पास लकड़ी के पट्टों से बने कमरे में भंडारा और मंदिर से संबंधित बर्तन, राशन, फ्रिज, पलंग, कुर्सी, सोफा, कूलर सहित अन्य सामान रखा जाता था। 25 नवंबर की रात करीब 10 बजे मंदिर में ताला लगाकर सभी लोग घर चले गए थे। अगले दिन सुबह मंदिर पहुंचने पर कमरे में आग लगी मिली। आग से वहां रखा फ्रिज, राशन, भंडारा सामग्री, पलंग, सोफा, कूलर और अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। मंदिर का ताला टूटा हुआ था और दानपेटी में रखे करीब 3 हजार रुपये गायब थे। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 799/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 326(छ), 331(4) और 305 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। एक गवाह ने बताया कि 25 नवंबर की रात तोड़फोड़ की आवाज सुनकर बाहर देखने पर उसने मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू को पहचान लिया था।
गवाहों से मिली जानकारी और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार रात्रे उर्फ कल्लू, उम्र 27 वर्ष, निवासी रिसाली भांठा, को 28 नवंबर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया।