एसी रिपेयर के बहाने घर से ₹1.50 लाख के गहने उड़ाए, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

एसी रिपेयर के बहाने घर से ₹1.50 लाख के गहने उड़ाए, सुपेला पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भिलाई। एसी मरम्मत के बहाने घर में घुसकर करीब 1.50 लाख रुपये के सोने और चांदी के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए सभी आभूषण बरामद कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, सुपेला थाना क्षेत्र निवासी मनोज अग्रवाल ने 31 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई कि उनके घर में मरम्मत कार्य चल रहा था। 25 जुलाई को उनकी पत्नी मंजु अग्रवाल ने बेडरूम में रखे एक पैकेट से सोने और चांदी के आभूषण गायब होने की जानकारी दी। काफी तलाश के बाद भी गहने नहीं मिले।

जांच में पता चला कि 21 जुलाई को आशुतोष साव नामक एसी मैकेनिक दो दिन तक उनके घर में मरम्मत का काम करने आया था। घटना के बाद उससे संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वह लगातार बहाने बनाकर मिलने से बचता रहा। इससे उस पर संदेह गहरा गया।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी के जवाहर नगर स्थित घर पहुंचकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने चोरी की बात स्वीकार कर ली और चोरी किए गए आभूषणों का पैकेट पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बरामद सामान

2 सोने की अंगूठियां (पुखराज और मूंगा जड़ित)

3 चांदी की अंगूठियां (मोती, जामुनिया और गोमेद जड़ित)

1 जोड़ी सोने की छोटी बाली (हीरे के नग जड़ित)

बरामद आभूषणों की कुल अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस की सलाह

दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर में मरम्मत या अन्य कार्य के लिए आने वाले बाहरी लोगों की पहचान का रिकॉर्ड रखें और कीमती आभूषण व नकदी सुरक्षित स्थान पर रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या डायल 112 पर दें।