गिरवी रखे 44.30 ग्राम सोने के जेवर हड़पने वाला जय मातादी ज्वेलर्स संचालक अमित सोनी गिरफ्तार

₹4.50 लाख लेने के बाद भी नहीं लौटाए जेवर, खुर्सीपार पुलिस ने की कार्रवाई

गिरवी रखे 44.30 ग्राम सोने के जेवर हड़पने वाला जय मातादी ज्वेलर्स संचालक अमित सोनी गिरफ्तार

भिलाई। थाना खुर्सीपार पुलिस ने गिरवी रखे सोने के जेवरात बेईमानीपूर्वक हड़पने के आरोप में एक ज्वेलर्स संचालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि उसने गिरवी राशि प्राप्त करने के बावजूद 44.300 ग्राम सोने के जेवरात वापस नहीं किए और वर्षों तक टालमटोल करता रहा।

पुलिस के अनुसार, वार्ड पार्षद भूपेन्द्र यादव ने 30 जुलाई 2026 को थाना खुर्सीपार में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि दिसंबर 2025 में आर्थिक आवश्यकता के चलते उन्होंने अपनी पत्नी के 44.300 ग्राम सोने के जेवरात जय मातादी ज्वेलर्स, सुभाष मार्केट, खुर्सीपार के संचालक अमित सोनी के पास 4.50 लाख रुपये के बदले गिरवी रखे थे।

बाद में जब उन्होंने गिरवी की पूरी राशि लेकर जेवरात वापस लेने का प्रयास किया, तब आरोपी ने रकम मिलने के बावजूद लगातार बहाने बनाकर जेवर लौटाने से इनकार कर दिया। न तो जेवर वापस किए गए और न ही राशि लौटाई गई।

शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 312/2026 दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए खुर्सीपार पुलिस ने आरोपी अमित सोनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी आर्थिक तंगी का फायदा उठाकर लोगों से सोने के जेवर गिरवी रखवाता था और बाद में गिरवी राशि मिलने के बावजूद जेवर वापस नहीं कर बहानेबाजी करता था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या इसी तरह के अन्य लोग भी आरोपी के शिकार हुए हैं।