BSP स्क्रैप चोरी रैकेट: 16वीं गिरफ्तारी, लोडर ऑपरेटर दबोचा; फ्लू डस्ट में छिपाकर भेजते थे स्क्रैप और कोक


भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) से फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में लौह स्क्रैप और कोक/कोयला चोरी करने वाले संगठित रैकेट के खिलाफ दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले में 16वीं गिरफ्तारी करते हुए लोडर ऑपरेटर हेमंत देवांगन (22) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्राम मोखा, जिला धमतरी का निवासी है।
पुलिस के अनुसार, हेमंत देवांगन हिमांशु ब्रदर्स कंपनी में लोडर ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था। पूछताछ में उसने खुलासा किया कि पिछले 4 से 5 महीनों से वह गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर रात के समय फ्लू डस्ट की लोडिंग के दौरान लौह स्क्रैप और कोक/कोयला को फ्लू डस्ट के नीचे छिपाकर हाईवा वाहनों से संयंत्र के बाहर भेजता था।
90 लाख का स्क्रैप, कुल 3.22 करोड़ की संपत्ति जब्त
यह कार्रवाई 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह स्थित ए.के. ट्रेडर्स और हथखोज स्थित एक प्लॉट में की गई जांच के बाद शुरू हुई थी। जांच में विभिन्न हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री मिली थी। मौके से करीब 250 टन लौह स्क्रैप बरामद किया गया था।
पुलिस अब तक इस प्रकरण में करीब 90 लाख रुपये मूल्य का लौह स्क्रैप तथा वाहनों, हाईड्रा, जेसीबी, लोडर और अन्य मशीनरी सहित लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त कर चुकी है।
फ्लू डस्ट की आड़ में चल रहा था चोरी का खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि संगठित गिरोह फ्लू डस्ट के नीचे लौह स्क्रैप और कोक/कोयला छिपाकर हाईवा वाहनों से BSP से बाहर निकालता था। इसके बाद चोरी का माल अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से जमा कर बेचकर आर्थिक लाभ कमाया जाता था।
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोडर (CG 07 CE 0249) भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
दुर्ग पुलिस ने बताया कि मामले में अब तक 16 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने नागरिकों से चोरी और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।
