करोड़ों की ठगी का खुलासा, वाहन और जमीन के नाम पर 1.10 करोड़ से अधिक ऐंठने वाला आरोपी गिरफ्तार
वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन बेचने का झांसा देकर कई लोगों को बनाया शिकार, स्कॉर्पियो-बोलेरो जब्त

रायगढ़। रायगढ़ पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में तमनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में अब तक 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी का खुलासा हुआ है, जबकि कई अन्य पीड़ित भी शिकायत लेकर थाने पहुंच रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन और उनके साथी सुरेश मानिकपुरी ने थाना तमनार में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि ग्राम पणिगांव निवासी कृष्ण कुमार साहू, जो वाहन खरीदी-बिक्री का कारोबार करता था, ने पहले वाहन खरीदने और बेचने के नाम पर उनसे बड़ी रकम ली।
जब दोनों ने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने जमीन बेचकर भुगतान करने का भरोसा दिया। इस बहाने उसने और पैसे ले लिए। बाद में आरोपी ने अपनी भूमि खसरा नंबर 428/4, रकबा 0.049 हेक्टेयर का 14 अप्रैल 2026 को बिक्री का सौदा भी किया, लेकिन बाद में पता चला कि उसी जमीन की रजिस्ट्री किसी अन्य महिला के नाम कर दी गई थी।
दो लोगों से ही 44.40 लाख रुपये की ठगी
जांच में सामने आया कि आरोपी ने शिकायतकर्ता सद्दाम हुसैन से 22 लाख रुपये और सुरेश मानिकपुरी से 22 लाख 40 हजार रुपये, यानी कुल 44 लाख 40 हजार रुपये नकद और बैंक ट्रांसफर के माध्यम से लेकर धोखाधड़ी की।
10 से 15 लोगों को बनाया शिकार
पुलिस जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने पुरुषोत्तम सिदार, दिनेश शर्मा, संतोष साहू, मनोज सारथी सहित कई अन्य लोगों से भी वाहन खरीदी-बिक्री के नाम पर लाखों रुपये ठगे। अब तक 10 से 15 पीड़ितों से 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी की पुष्टि हो चुकी है।
स्कॉर्पियो और बोलेरो जब्त
शिकायत के आधार पर थाना तमनार में अपराध क्रमांक 179/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(2) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव ने आरोपी कृष्ण कुमार साहू (38 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर ठगी की रकम से खरीदी गई एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 20 लाख रुपये है, जब्त कर ली गई है।
अन्य पीड़ितों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मामले में लगातार नए पीड़ित सामने आ रहे हैं। आरोपी के आर्थिक लेनदेन, संपत्तियों और पूरे ठगी नेटवर्क की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि जांच आगे बढ़ने पर ठगी की राशि और पीड़ितों की संख्या दोनों बढ़ सकती हैं।
