जिला अस्पताल दुर्ग और चंदूलाल मेडिकल कॉलेज में नौकरी लगने के नाम पर लाखों की ठगी करने वाला आरोपी पकड़ा गया

भिलाई। स्वास्थ्य विभाग में सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर ₹10.55 लाख से अधिक की ठगी करने वाले आरोपी को स्मृतिनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी ने वर्ष 2022 में नर्सिंग स्टाफ की सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा देकर प्रार्थिया से अलग अलग किश्तों में रकम ऐंठी थी।
पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को सिकोला भाठा निवासी स्वेच्छा रानी ने शिकायत दर्ज कराई कि कोविड काल में शंकराचार्य अस्पताल जुनवानी में कार्यरत रहने के दौरान उसकी पहचान बिज्जू चंद्रा से हुई थी। आरोपी ने खुद को प्रभावशाली बताते हुए चंदूलाल चंद्राकर अस्पताल और जिला अस्पताल दुर्ग में नर्सिंग स्टाफ की सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इस बहाने उसने विभिन्न किश्तों में कुल ₹10,55,698 ले लिए, लेकिन नौकरी नहीं लगवाई।
शिकायत के आधार पर चौकी स्मृतिनगर, थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 1000/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी बिज्जू चंद्रा (32 वर्ष), निवासी रेलवे कॉलोनी, शास्त्री नगर, दल्लीराजहरा (हाल निवासी ग्राम जेवरा, थाना पुलगांव, जिला दुर्ग) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन और बैंक पासबुक जब्त की है।
आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को पैसे देने से पहले उसकी पूरी तरह जांच-पड़ताल करें। यदि कोई इस प्रकार का झांसा देता है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
