हत्या के प्रयास का 8 साल से फरार आरोपी गिरफ्तार, सुपेला पुलिस ने भेजा न्यायिक रिमांड पर

भिलाई। दुर्ग जिले की सुपेला पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक पुराने मामले में आठ साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। आरोपी वर्ष 2019 से पुलिस की गिरफ्त से बाहर था।
पुलिस के अनुसार, थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 1010/2019 में 26 अक्टूबर 2019 को प्रार्थी विनय यादव उर्फ नेपाली अपने साथी के साथ शीतला तालाब के पास बैठा था। इसी दौरान आरोपी और उसके साथी ने शराब पीने के लिए रुपये मांगे। रुपये देने से मना करने पर दोनों ने गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि एक आरोपी ने प्रार्थी को पकड़ लिया, जबकि दूसरे ने धारदार हथियार से उसकी पीठ, कमर और दाहिने सीने पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

घटना के बाद सुपेला थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। चिकित्सकीय परीक्षण में गंभीर चोट की पुष्टि होने पर हत्या के प्रयास की धारा भी जोड़ी गई। जांच के दौरान एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर उसके खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया जा चुका था, जबकि सह-आरोपी पोने सिंह लगातार फरार था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 17 जुलाई 2026 को पोने सिंह (38), निवासी शंकर पारा, वार्ड क्रमांक 12, सुपेला को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस कार्रवाई में कोई नई जब्ती नहीं हुई है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धाराएं 294, 506, 324, 327, 307 और 34 के तहत कार्रवाई की गई।
