पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला, दुर्ग पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

डीपीएस चौक के पास युवक पर बेसबॉल डंडे और धारदार हथियार से हमला, एक आरोपी अब भी फरार

पुरानी रंजिश में जानलेवा हमला, दुर्ग पुलिस ने 2 आरोपियों को दबोचा

भिलाई। पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को भिलाई नगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की रात करीब 11:30 बजे खुर्सीपार निवासी योगेश सूर्यवंशी (32) सेक्टर-6 स्थित पेट्रोल पंप से पेट्रोल भरवाकर रिसाली डीपीएस चौक की ओर जा रहे थे। डीपीएस चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास पीछे से पल्सर बाइक पर पहुंचे आरोपियों ने पहले बेसबॉल डंडे से उनके सिर पर हमला किया। इसके बाद बाइक के पहिए में डंडा फंसाकर उन्हें गिरा दिया और धारदार हथियार व डंडे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना भिलाई नगर में अपराध क्रमांक 360/2026 के तहत धारा 109 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों हरीश यादव और अमन मूर्ति को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर दिया है, जबकि मामले के तीसरे आरोपी की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।