बदमाश जिला बदर: कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू को 1 साल के लिए 6 जिलों से निष्कासित

धमतरी। जिले में कानून-व्यवस्था को सख्त बनाए रखने के लिए प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक की अनुशंसा पर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी धमतरी ने आदतन बदमाश कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू नायक को एक वर्ष के लिए जिला बदर कर दिया है।

आरोपी को न केवल धमतरी जिले से, बल्कि रायपुर, बालोद, कांकेर, गरियाबंद, दुर्ग और कोंडागांव जिलों की सीमाओं से भी 1 साल के लिए निष्कासित किया गया है। इस दौरान वह बिना न्यायालय की अनुमति इन क्षेत्रों में प्रवेश नहीं कर सकेगा।

पुलिस के अनुसार, कृष्णा नायक उर्फ बिट्टू नायक वर्ष 2018 से लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी, लूट, डकैती, अवैध कब्जा और हथियार के बल पर लोगों में भय पैदा करने जैसे गंभीर मामले दर्ज हैं। इसके अलावा मोटर व्हीकल एक्ट के उल्लंघन के भी प्रकरण सामने आए हैं।

बताया गया है कि आरोपी की गतिविधियों से क्षेत्र में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया था। वह युवाओं को नशे की ओर भी प्रेरित कर रहा था, जिससे सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। छत्तीसगढ़ राज्य सुरक्षा अधिनियम 1990 के तहत मिली शक्तियों का उपयोग करते हुए जिला दण्डाधिकारी ने यह कार्रवाई की है। आरोपी को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वह निर्धारित अवधि तक इन जिलों की सीमाओं से बाहर रहे, अन्यथा सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने साफ किया है कि जिले में सक्रिय अन्य गुंडे और आदतन अपराधियों के खिलाफ भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। वर्ष 2025 में अब तक 10 बदमाशों को जिला बदर किया जा चुका है, जबकि 2026 में यह पहला मामला है जिसमें जिला बदर की कार्रवाई की गई है।
