BSP स्क्रैप चोरी मामले में एक और गिरफ्तारी, अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार
फ्लू डस्ट की आड़ में हो रहा था करोड़ों का स्क्रैप खेल, फरार हाईवा चालक तेजराम निषाद उर्फ दद्दू पुलिस के हत्थे चढ़ा

भिलाई। भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से संगठित तरीके से स्क्रैप चोरी और उसके अवैध परिवहन के चर्चित मामले में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। मामले में फरार चल रहे आरोपी तेजराम निषाद उर्फ दद्दू उम्र 35 वर्ष, निवासी जेवरा सिरसा जिला दुर्कोग गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके साथ ही इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स, हथखोज भिलाई में छापामार कार्रवाई की गई थी। जांच के दौरान कई हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेट, बीम और कटिंग सामग्री लोड मिली थी। मौके पर भारी मात्रा में स्क्रैप का भंडारण भी पाया गया। जांच में खुलासा हुआ कि फ्लू डस्ट के परिवहन की आड़ में भिलाई स्टील प्लांट से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप का अवैध परिवहन और बिक्री की जा रही थी।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की थी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये बताई गई। इसके अलावा परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल किए गए वाहन तथा मशीनरी समेत कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई थी। विवेचना के दौरान पुलिस लगातार फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी क्रम में हाईवा चालक तेजराम निषाद उर्फ दद्दू (35 वर्ष), निवासी जेवरा सिरसा, जिला दुर्ग को चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
