नो पार्किंग पर सख्ती, 107 वाहनों पर कार्रवाई

यातायात पुलिस का विशेष अभियान जारी, हाईवे और शहर के व्यस्त इलाकों में ई-चालान काटकर वाहन चालकों को दी गई समझाइश

नो पार्किंग पर सख्ती, 107 वाहनों पर कार्रवाई

दुर्ग। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुगम बनाए रखने के लिए यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा नो पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 23 जून 2026 को राष्ट्रीय राजमार्ग और शहर के व्यस्त बाजार क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 107 वाहनों पर ई-चालान जारी किया गया। यातायात पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे नो पार्किंग क्षेत्र में खड़े वाहनों की जांच कर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। अभियान के दौरान ऐसे वाहन चालकों को भी समझाइश दी गई जो सड़क और हाईवे पर वाहन खड़े कर यातायात में बाधा उत्पन्न कर रहे थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हाईवे और सार्वजनिक मार्गों पर अनियंत्रित पार्किंग से दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसे देखते हुए वाहन चालकों को निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने की सलाह दी गई। इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों और व्यस्त मार्गों में भी विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान आवागमन में बाधा पैदा करने वाले वाहनों पर कार्रवाई की गई ताकि आम लोगों को जाम और असुविधा का सामना न करना पड़े।

यातायात पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक नो पार्किंग नियमों का उल्लंघन करने वाले 3,091 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।