चापड़ लहराकर दहशत फैलाने वाला निगरानी बदमाश गिरफ्तार, सुपेला पुलिस की कार्रवाई

भिलाई। सुपेला थाना पुलिस ने आम लोगों में भय और आतंक फैलाने वाले एक निगरानी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी सार्वजनिक स्थान पर धारदार चापड़ लहराकर लोगों को डरा-धमका रहा था। पुलिस ने उसके कब्जे से लोहे का धारदार चापड़ जप्त कर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार 22 जून को मुखबिर से सूचना मिली कि आर.के. मैदान, सुपेला के पास एक युवक हाथ में चापड़ लेकर लोगों को धमका रहा है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम युवराज सोनी उर्फ बिल्ला (19 वर्ष) निवासी कृष्णा नगर, मिनी माता चौक, सुपेला बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक धारदार लोहे का चापड़ बरामद किया गया, जिसे गवाहों की मौजूदगी में जप्त किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना सुपेला में अपराध क्रमांक 890/2026 के तहत धारा 25 एवं 27 आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया। जांच में यह भी सामने आया कि युवराज सोनी थाना सुपेला का निगरानी बदमाश है और उसका नाम पुलिस की निगरानी सूची में दर्ज है। उसके खिलाफ अन्य आपराधिक मामले भी न्यायालय में विचाराधीन हैं।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
