कूरियर से नशे और हथियारों की सप्लाई पर शिकंजा, पुलिस ने कूरियर संचालकों की ली क्लास, जारी किए सख्त निर्देश

कूरियर कंपनियों को आधार सत्यापन, CCTV निगरानी और संदिग्ध पार्सलों की रिपोर्टिंग के निर्देश

कूरियर से नशे और हथियारों की सप्लाई पर शिकंजा, पुलिस ने कूरियर संचालकों की ली क्लास, जारी किए सख्त निर्देश

दुर्ग। कूरियर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए प्रतिबंधित नशीली सामग्री तथा घातक हथियारों की आपूर्ति पर रोक लगाने के लिए दुर्ग पुलिस और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सोमवार को संयुक्त बैठक आयोजित की। कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में हुई इस बैठक में विभिन्न कूरियर कंपनियों और ई-कॉमर्स प्रतिनिधियों को सुरक्षा और सत्यापन संबंधी सख्त निर्देश दिए गए।

पार्सल बुकिंग में पहचान पत्र अनिवार्य

बैठक में निर्देश दिया गया कि किसी भी पार्सल की बुकिंग के समय प्रेषक, प्राप्तकर्ता और बुकिंग कराने वाले व्यक्ति का पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर और आधार कार्ड की प्रति अनिवार्य रूप से ली जाए। सभी जानकारियां रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश भी दिए गए।

संदिग्ध पार्सल की तुरंत देनी होगी सूचना

पुलिस ने स्पष्ट किया कि यदि किसी पार्सल में नशीली दवाएं, मादक पदार्थ या अन्य अवैध सामग्री होने की आशंका हो तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित थाना और खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग को दी जाए। संदिग्ध गतिविधियों को नजरअंदाज करने पर कार्रवाई भी हो सकती है।

एक माह तक सुरक्षित रखना होगा CCTV फुटेज

सभी कूरियर बुकिंग केंद्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और कम से कम एक माह तक फुटेज सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं। इससे किसी भी जांच के दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और पार्सलों की पहचान में मदद मिलेगी।

दवाइयों के पार्सल का अलग रिकॉर्ड रखने के निर्देश

औषधियों से जुड़े पार्सलों के लिए अलग रजिस्टर रखने को कहा गया है। इसमें भेजने वाले और प्राप्तकर्ता की पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। साथ ही दवा संबंधी पार्सलों की बुकिंग में ऑनलाइन भुगतान को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर लेनदेन और पहचान का रिकॉर्ड उपलब्ध रहे।

अवैध नेटवर्क पर नजर

बैठक में कूरियर सेवाओं के माध्यम से संचालित होने वाली संभावित अवैध गतिविधियों, नशीली दवाओं की तस्करी और प्रतिबंधित वस्तुओं की सप्लाई रोकने के लिए सुरक्षा उपायों और कानूनी जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

पुलिस की अपील

दुर्ग पुलिस ने कूरियर संचालकों, ई-कॉमर्स कंपनियों और आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध पार्सल, प्रतिबंधित नशीली सामग्री या अवैध वस्तुओं के परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।