नाश्ता दुकान संचालक पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला
वृंदानगर में देर रात वारदात, गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती; हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस

भिलाई। वैशाली नगर थाना क्षेत्र के वृंदानगर में पुरानी रंजिश ने एक बार फिर खूनी रूप ले लिया। देर रात नाश्ता दुकान संचालक अन्नू यादव पर कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल अन्नू को पहले सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायल की पहचान 35 वर्षीय अन्नू यादव के रूप में हुई है, जो वृंदानगर में अपने घर के सामने नाश्ते की दुकान चलाता है। बताया जा रहा है कि देर रात अन्नू पर अचानक हमला किया गया और आरोपियों ने उस पर कई बार चाकू से वार किए। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों और परिजनों ने घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वारदात के बाद इलाके में दहशत और तनाव का माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर वैशाली नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हमले की मुख्य वजह मानी जा रही है। हालांकि दोनों पक्षों के बीच विवाद किस बात को लेकर था, इसकी जांच अभी जारी है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
