मोटा कहने की बात पर खूनी विवाद: 10वीं के छात्र ने सहपाठी की चाकू मारकर हत्या की

मोटा कहने की बात पर खूनी विवाद: 10वीं के छात्र ने सहपाठी की चाकू मारकर हत्या की
मृतक अमन यदु

तिल्दा-नेवरा। रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र में दो स्कूली छात्रों के बीच पुरानी रंजिश ने शुक्रवार को खूनी रूप ले लिया। 10वीं कक्षा के दो सहपाठियों के बीच हुए विवाद में एक छात्र की चाकू लगने से मौत हो गई, जबकि दूसरा छात्र गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में भर्ती है। घटना तिल्दा थाना क्षेत्र के सासाहोली गांव की है।

जानकारी के अनुसार, मृतक अमन यदु (16) और आरोपी 15 वर्षीय छात्र सासाहोली गांव के निवासी थे। दोनों एक ही स्कूल में पढ़ते थे और हाल ही में 10वीं कक्षा उत्तीर्ण की थी। बताया जा रहा है कि बोर्ड परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र ने अमन को "मोटा" कहकर चिढ़ाया था। इस बात को लेकर अमन उससे नाराज चल रहा था और दोनों के बीच लंबे समय से मनमुटाव था। शुक्रवार को स्कूल से लौटते समय अमन ने आरोपी छात्र को रास्ते में रोककर पुराने विवाद को लेकर बातचीत की। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी और फिर मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि अमन अपने साथ सब्जी काटने वाला चाकू लेकर आया था और उसने पहले आरोपी छात्र के गले पर हमला कर दिया।

हमले में घायल छात्र ने संघर्ष के दौरान अमन के हाथ से चाकू छीन लिया और उसी पर पलटवार कर दिया। चाकू के वार अमन के सीने और गर्दन पर लगे, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा। उसे बचाने की कोशिश की गई, लेकिन उसकी मौत हो गई। घटना में घायल आरोपी छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही तिल्दा-नेवरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।