बीएसपी स्क्रैप चोरी के दो मुख्य आरोपी अब भी फरार, SSP ने घोषित किया 10-10 हजार का इनाम

3.22 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त, 8 आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल

बीएसपी स्क्रैप चोरी के दो मुख्य आरोपी अब भी फरार, SSP ने घोषित किया 10-10 हजार का इनाम

भिलाई। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) स्क्रैप चोरी मामले में फरार चल रहे दो मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस ने इनाम घोषित किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग ने आरोपी संजय सिंह और अभय सिंह की गिरफ्तारी या उनकी सूचना देने पर पृथक-पृथक 10 हजार रुपये पुरस्कार देने की घोषणा की है।

पुलिस के अनुसार 26 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर ग्राम अकलोरडीह खदान पारा स्थित ए.के. ट्रेडर्स में छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान कई हाईवा और ट्रकों में फ्लू डस्ट के साथ बीएसपी से चोरी किए गए लोहे की प्लेटें, बीम और अन्य स्क्रैप सामग्री लोड होते पाए गए।

मौके से करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 90 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा स्क्रैप के परिवहन और लोडिंग में इस्तेमाल वाहनों तथा मशीनरी सहित कुल लगभग 3 करोड़ 22 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।

विवेचना में सामने आया कि फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में बीएसपी से चोरी किए गए स्क्रैप का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था। मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जा चुका है।

जांच के दौरान संजय सिंह और अभय सिंह की भूमिका महत्वपूर्ण पाए जाने पर उनकी तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस की कई टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि फरार आरोपियों के संबंध में कोई भी जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा।