कोडिया धान खरीदी केंद्र में भीषण आग, 6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू, कई टन धान जलकर खाक

कोडिया धान खरीदी केंद्र में भीषण आग, 6 घंटे की मशक्कत के बाद पाया गया काबू, कई टन धान जलकर खाक

दुर्ग। नंदनी थाना क्षेत्र के ग्राम कोडिया स्थित शासकीय धान खरीदी केंद्र में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते धान के बड़े भंडारण को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दुर्ग अग्निशमन विभाग की दो दमकल टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं।

मौके पर पहुंचने पर अग्निशमन कर्मियों ने देखा कि धान के ढेरों से ऊंची लपटें निकल रही हैं और आग तेजी से फैल रही है। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत करते हुए आग को आसपास रखे अन्य धान तक पहुंचने से रोक दिया। करीब छह घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया गया।

आग बुझाने के दौरान लगभग 60 हजार लीटर पानी का उपयोग किया गया। सहायता के लिए जेके लक्ष्मी सीमेंट और एसीसी अडानी सीमेंट के अग्निशमन वाहन भी मौके पर पहुंचे और संयुक्त रूप से अभियान चलाया गया।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि धान के बड़े भंडार को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह की मौजूदगी में पूरा अभियान संचालित किया गया। अग्निशमन दल प्रभारी महेन्द्र चंदेल और प्रवीण बारा के नेतृत्व में टीम ने समय रहते आग पर काबू पाकर संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया।