प्रधान आरक्षक ने लगाई फांसी, घर में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

प्रधान आरक्षक ने लगाई फांसी, घर में मिला शव, पुलिस जांच में जुटी

खैरागढ़। जिले के छुईखदान थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक शीतल यादव की आत्महत्या की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है। शनिवार तड़के उनका शव खैरागढ़ शहर के दाऊचौरा स्थित निवास में फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार शीतल यादव अपने परिवार के साथ वार्ड क्रमांक 16 स्थित दाऊचौरा क्षेत्र में रहते थे। शुक्रवार रात परिवार के सभी सदस्य अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे, जबकि वे घर के हॉल में मौजूद थे। शनिवार सुबह करीब 4 बजे उनकी पत्नी की नींद खुली तो उन्होंने शीतल यादव को गमछे के सहारे फंदे पर लटका हुआ देखा। यह दृश्य देखते ही परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही खैरागढ़ पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। मामले की जांच के लिए दुर्ग से फोरेंसिक टीम को बुलाया गया है। जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।