7.88 करोड़ की अफीम भट्ठी में स्वाहा, दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

7.88 करोड़ की अफीम भट्ठी में स्वाहा, दुर्ग पुलिस की बड़ी कार्रवाई

दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पुलगांव में एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त लगभग 7.88 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का वैधानिक प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई गुरुवार को उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 प्लांट में संपन्न हुई। छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग एवं नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार गठित रेंज स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 247/2026 में जप्त मादक पदार्थों को नष्ट किया। यह मामला स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) 1985 की धारा 8 एवं 18 के तहत दर्ज किया गया था।

कार्रवाई के दौरान आरोपियों से जप्त लगभग 14 लाख 30 हजार 100 अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल एवं फल, जिनका कुल वजन 62 हजार 422.2 किलोग्राम था, नष्ट किए गए। इसके अलावा 62.540 किलोग्राम अफीम का सूखा फल (डोडा) तथा 572 ग्राम अफीम युक्त सूखा मिश्रित डोडा बुक्की का भी नष्टीकरण किया गया। जप्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपये आंकी गई है।

यह कार्रवाई दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग विजय अग्रवाल तथा आबकारी उपायुक्त शशांक कुमार सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे। नष्टीकरण से पूर्व पर्यावरण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति प्राप्त की गई थी। निर्धारित मानकों और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए मादक पदार्थों को सुरक्षित तरीके से नष्ट किया गया। कार्यवाही के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक पनिक राम कुजूर, उप पुलिस अधीक्षक शिल्पा साहू, पर्यावरण विभाग के संजय सिंह परिहार तथा भिलाई इस्पात संयंत्र के अधिकारी भी मौजूद रहे।