पत्नी से मारपीट का विरोध करने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र में एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक द्वारा अपनी पत्नी के साथ मारपीट किए जाने से नाराज आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम मोहंदी के खाननाडी क्षेत्र में 1 जून की रात करीब 9 बजे मृतक नीलकंठ साहू और उसकी पत्नी सावित्री साहू के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि नीलकंठ ने अपनी पत्नी के सिर पर ठंडे (लोहे के औजार) से हमला कर उसे घायल कर दिया था। इसी बात को लेकर आरोपी राजेश वर्मा और अमर सिंह यादव ने नीलकंठ से विवाद किया।

विवाद बढ़ने पर राजेश वर्मा ने डंडे से तथा अमर सिंह यादव ने हाथ-मुक्कों से नीलकंठ की बेरहमी से पिटाई कर दी। हमले में उसके सिर, सीने, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं। उपचार के दौरान 2 जून की सुबह करीब 9 बजे उसकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी सावित्री साहू की शिकायत पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 291/2026 दर्ज कर जांच शुरू की। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 103(1) एवं 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए 3 जून को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपी
राजेश वर्मा (50 वर्ष), निवासी इंद्रा पारा, पुरानी भिलाई
अमर सिंह यादव (45 वर्ष), निवासी ग्राम मोहंदी बांधापार, पुरानी भिलाई
