बीजेपी नेता से दुर्व्यवहार मामले में दुर्ग जनपद CEO रूपेश पाण्डेय निलंबित

बीजेपी नेता से दुर्व्यवहार मामले में दुर्ग जनपद CEO रूपेश पाण्डेय निलंबित

दुर्ग। सुशासन तिहार के दौरान बीजेपी नेता और आम नागरिकों से कथित दुर्व्यवहार के मामले में जनपद पंचायत दुर्ग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रूपेश कुमार पाण्डेय को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर दुर्ग के प्रस्ताव के आधार पर की गई।

जानकारी के अनुसार, शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार के अंतर्गत ग्राम धनीद में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर के दौरान रूपेश कुमार पाण्डेय का आम लोगों से अशिष्ट व्यवहार करते हुए एक वीडियो सामने आया था। वीडियो के अवलोकन के बाद प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि उन्होंने अपने कर्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही बरती तथा जनता के साथ अनुचित व्यवहार किया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए संभागीय आयुक्त कार्यालय द्वारा 30 मई 2026 को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। हालांकि, पाण्डेय द्वारा प्रस्तुत जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद उनके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की गई।

आदेश में कहा गया है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शासन तंत्र आम नागरिकों के प्रति उत्तरदायी होता है और प्रत्येक लोकसेवक से शिष्ट एवं मर्यादित व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। आम जनता के साथ अशिष्ट व्यवहार छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 का उल्लंघन माना गया है।