थाने में कबाड़ माफिया को ‘VIP ट्रीटमेंट’! फोटो वायरल होते ही दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच

थाने में कबाड़ माफिया को ‘VIP ट्रीटमेंट’! फोटो वायरल होते ही दो पुलिसकर्मी लाइन अटैच

बिलासपुर के कोनी थाने से एक तस्वीर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। वायरल फोटो में कथित कबाड़ माफिया को थाने के भीतर कुर्सी पर बैठाकर चाय पिलाई जा रही है, जबकि दो पुलिसकर्मी उसके सामने बैठे नजर आ रहे हैं। तस्वीर सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली और अवैध कारोबारियों से कथित संबंधों को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए बिलासपुर पुलिस के एसएसपी ने इसे लापरवाही मानते हुए प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े को लाइन अटैच कर दिया है। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक, फोटो में दिखाई देने वाला व्यक्ति अकबर खान है, जो कोनी थाना क्षेत्र में अवतार पैलेस के सामने अवैध कबाड़ दुकान संचालित करता है। चर्चा है कि हाल ही में उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की गई थी।

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले ही बिलासपुर पुलिस अधीक्षक ने शहर में अवैध कबाड़ कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद कोनी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अकबर खान को थाने बुलाया था। इसी दौरान की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

वायरल फोटो में प्रधान आरक्षक बालेश्वर तिवारी और आरक्षक अनुज जांगड़े मौजूद दिखाई दे रहे हैं। तस्वीरों के सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं और मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।