भिलाई में बाइक चोर गिरोह के 4 पकड़े गए, चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद

भिलाई में बाइक चोर गिरोह के 4 पकड़े गए, चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद

भिलाई। मोटरसाइकिल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल भी बरामद की गई हैं। मामले में एक अपचारी बालक की संलिप्तता भी सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी राहुल कुमार साहू ने थाना भिलाई भट्ठी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजाज पल्सर एनएस 125 मोटरसाइकिल, क्रमांक CG 24 U 0379, 13 और 14 अप्रैल 2026 की रात भिलाई इस्पात संयंत्र मेनगेट स्थित मोटरसाइकिल स्टैंड से चोरी हो गई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी प्रकाश ठाकुर और एक अपचारी बालक चोरी की बाइक घर में छिपाकर रखते थे और ग्राहक मिलने पर कम कीमत में बेच देते थे। इसी दौरान यह भी पता चला कि चोरी की बाइक को गौरव कुमार और शिवा यादव खरीदकर इस्तेमाल कर रहे थे।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रकाश ठाकुर ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से दो मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों बाइक बरामद कर ली।

गिरफ्तार आरोपियों में 19 वर्षीय प्रकाश ठाकुर, 19 वर्षीय गौरव कुमार और 30 वर्षीय शिवा यादव शामिल हैं। सभी आरोपी जामुल क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

आरोपी का विवरण :

1. प्रकाश ठाकुर, उम्र 19 वर्ष, निवासी कैलाश नगर लोहिया रोड, थाना जामुल, जिला दुर्ग।

2. गौरव कुमार, उम्र 19 वर्ष, निवासी कैलाश नगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग।

3. शिवा यादव, उम्र 30 वर्ष, निवासी जवाहर नगर, थाना जामुल, जिला दुर्ग।

4. एक अपचारी बालक।