38 लाख की बीमा ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई में बीमा पॉलिसी और इलेक्ट्रॉनिक सामान में मुनाफे का लालच देकर की गई लाखों की धोखाधड़ी

38 लाख की बीमा ठगी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। दुर्ग जिले के दुर्ग पुलिस ने बीमा पॉलिसी में अधिक लाभ दिलाने और इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदकर मुनाफा कमाने का झांसा देकर 38 लाख 30 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला थाना भिलाई भट्ठी क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, प्रार्थी संतोष कुमार ने 17 मई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2022 में बीमा पॉलिसी की अवधि पूरी होने पर वह सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय गया था। वहां उसकी मुलाकात खुद को बीमा एजेंट बताने वाले आरोपी के. देवासहायम से हुई। आरोपी ने अधिक लाभ देने वाली बीमा योजना का झांसा देकर उसे अपने विश्वास में लिया।

आरोपियों ने प्रार्थी और उसके परिवार के नाम पर बीमा कराने के बहाने अलग-अलग किस्तों में चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 31 लाख 30 हजार रुपये हासिल किए। इसके अलावा सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदवाकर ज्यादा मुनाफे में बेचने का लालच दिया गया। इस तरह कुल 38 लाख 30 हजार रुपये की ठगी की गई।

जब प्रार्थी ने बीमा से जुड़े दस्तावेज मांगे तो आरोपी लगातार टालमटोल करते रहे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि दस्तावेज मांगने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के. रवि कुमार (29 वर्ष) और के. राजेश कुमार (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपी सेक्टर-06 भिलाई के निवासी हैं और वर्तमान में सेक्टर-07 में रह रहे थे। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बैंकिंग लेनदेन से जुड़े दस्तावेज, चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन संबंधी रिकॉर्ड जब्त किए हैं। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

आरोपी का विवरण :

1. के. रवि कुमार, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेक्टर-06 भिलाई, वर्तमान पता सेक्टर-07 भिलाई।

2. के. राजेश कुमार, उम्र 26 वर्ष, निवासी सेक्टर-06 भिलाई, वर्तमान पता सेक्टर-07 भिलाई।