दुर्ग-भिलाई और रायपुर में घूम-घूमकर बेचते थे चिट्टा, मुख्य सप्लायर समेत दो गिरफ्तार
10.30 ग्राम हेरोइन जब्त, दोपहिया वाहन और मोबाइल सहित 4.22 लाख रुपए की मशरूका बरामद

भिलाई। दुर्ग-भिलाई और रायपुर क्षेत्र में घूम-घूमकर चिट्टा (हेरोइन) की अवैध बिक्री और सप्लाई करने वाले गिरोह का स्मृतिनगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य सप्लायर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 10.30 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, दो मोबाइल फोन, दोपहिया वाहन और बिक्री की नगदी रकम सहित कुल 4 लाख 22 हजार 200 रुपए की मशरूका जब्त की गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 17 नवंबर को चौकी स्मृतिनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोहका स्थित इमली तालाब के पास एक व्यक्ति चिट्टा/हेरोइन की अवैध बिक्री कर रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदेही मृत्युंजय दुबे (27 वर्ष), निवासी पचपेड़ी नाका, रायपुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 3.58 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कृष्णा नगर, सुपेला निवासी विकास पाल (23 वर्ष) से मादक पदार्थ खरीदने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मामले के मुख्य सप्लायर बताए जा रहे विकास पाल की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने स्टील सिटी कॉलोनी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.72 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया गया।
दोपहिया वाहनों से करते थे सप्लाई
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी मुख्य सप्लायर से मादक पदार्थ प्राप्त कर दुर्ग-भिलाई और रायपुर के अलग-अलग इलाकों में घूम-घूमकर इसकी बिक्री करते थे। इस अवैध कारोबार के लिए दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल किया जाता था। वहीं मोबाइल फोन के माध्यम से आपसी संपर्क और बिक्री से संबंधित गतिविधियां संचालित की जाती थीं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 10.30 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, रेडमी और वनप्लस कंपनी के दो मोबाइल फोन, एक एक्टिवा और एक सुजुकी एक्सेस दोपहिया वाहन तथा 11 हजार 200 रुपए नगद जब्त किए हैं। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 2 लाख 6 हजार रुपए बताई गई है। सभी जब्त सामग्री की कुल कीमत 4 लाख 22 हजार 200 रुपए आंकी गई है।