10 साल पुरानी जब्त शराब पर चला बुलडोजर, दुर्ग पुलिस ने नष्ट की 65 लाख की मदिरा

10 साल पुरानी जब्त शराब पर चला बुलडोजर, दुर्ग पुलिस ने नष्ट की 65 लाख की मदिरा

दुर्ग। थाना परिसरों में पिछले कई वर्षों से जमा जब्त शराब के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया। शुक्रवार को विशेष समिति की निगरानी में करीब 15 हजार लीटर से अधिक शराब का नष्टीकरण किया गया। नष्ट की गई शराब की अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक जिले के अलग अलग थाना और चौकी परिसरों में आबकारी एक्ट समेत अन्य मामलों में जब्त शराब पिछले 10 वर्षों से मलखानों में रखी हुई थी। इससे थाना परिसरों में जगह की कमी हो रही थी और लंबे समय से रखी शराब से दुर्गंध फैलने के कारण कर्मचारियों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

माननीय न्यायालय से अनुमति मिलने के बाद कुल 480 प्रकरणों में जब्त करीब 15119.976 बल्क लीटर मदिरा को नियमानुसार नष्ट किया गया। यह कार्रवाई गठित समिति और संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब के नष्टीकरण के बाद थानों में अतिरिक्त जगह उपलब्ध होगी, जिससे बैठने और रिकॉर्ड रखने की व्यवस्था बेहतर हो सकेगी। साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी कम होंगे।

दुर्ग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। इस कार्रवाई में जिला पुलिस, न्यायालयीन शाखा, आबकारी विभाग और थाना स्टाफ की संयुक्त भूमिका रही।