दुर्ग पुलिस की पुलिस जन मित्र योजना से बढ़ी जनभागीदारी, साइबर और महिला सुरक्षा पर जोर

दुर्ग पुलिस ने “पुलिस जन मित्र योजना” के जरिए आम नागरिकों को सीधे जोड़कर कानून व्यवस्था मजबूत करने की पहल शुरू की है। इसके तहत साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और नशा उन्मूलन जैसे मुद्दों पर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।

दुर्ग जिले के स्मृतिनगर चौकी क्षेत्र में पुलिस ने सामुदायिक पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया। इस अभियान के तहत दीनदयाल कॉलोनी खम्हरिया में स्थानीय लोगों के साथ बैठक आयोजित की गई, जिसमें साइबर अपराध से बचाव, डिजिटल सुरक्षा, महिला सुरक्षा, नशे के दुष्प्रभाव, सूने मकानों की सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी गई।

पुलिस अधिकारियों ने लोगों को हेल्पलाइन नंबर 1930 (साइबर फ्रॉड), 1091 (महिला सुरक्षा), 1933 (नशा नियंत्रण) और 1033 (यातायात सहायता) के बारे में बताया। साथ ही, पोस्टर और गाइडलाइन के जरिए रोजमर्रा की सुरक्षा से जुड़े जरूरी उपाय भी समझाए गए। पुलिस का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों से नागरिकों के साथ संवाद और भरोसा मजबूत होता है, जिससे अपराधों की रोकथाम और समय पर सूचना मिलना आसान होता है।


