शराब भट्टी के अहाता में युवक पर जानलेवा हमला, अपराध दर्ज

शराब भट्टी के अहाता में युवक पर जानलेवा हमला, अपराध दर्ज

भिलाई। बटालियन के सामने स्थित शराब भट्टी के आहता में शराब पीने गए एक युवक पर कर्मचारियों द्वारा प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर करन सिंह और अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है।

पिंकी थापा ने पुलिस को बताया कि 29 अप्रैल 2026 की दोपहर करीब 1 बजे उनके पति वीर बहादुर थापा पड़ोसी पिंटू तांडी के साथ दुर्ग स्थित ससुराल गए थे। दोपहर करीब 3:40 बजे पिंटू तांडी ने फोन कर सूचना दी कि शराब भट्टी में करन सिंह और अन्य लोगों ने उनके पति के साथ मारपीट की है।

सूचना मिलते ही पिंकी थापा मौके पर पहुंचीं, जहां उनके पति घायल अवस्था में मिले। उनके सिर के पीछे, पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं।

घायल वीर बहादुर थापा और पिंटू तांडी ने बताया कि वे शराब भट्टी में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पास खड़े करन सिंह ने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी और उसके साथियों ने मिलकर अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्का व डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया।