सुपेला संडे बाजार में निगम और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सड़क बाधा डालने वालों पर लगा जुर्माना


भिलाईनगर। नगर पालिक निगम भिलाई द्वारा आज सुपेला स्थित संडे बाजार में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और सड़क पर अवैध कब्जों को हटाने के लिए व्यापक 'बेदखली व जब्ती' की कार्यवाही की गई। इस विशेष अभियान में पुलिस प्रशासन के अधिकारियों और पुलिस बल के सहयोग से निगम की टीम ने सड़क पर व्यवसाय करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।

बाजार क्षेत्र में आवागमन बाधित करने वाले 7 प्रमुख व्यवसायियों पर 500-500 रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया। कुल 3,500 रुपये (तीन हजार पांच सौ रुपये) की जुर्माना राशि वसूली गई। जिन पर कार्यवाही हुई, उनके नाम निम्नलिखित हैं -
दिलदार फुट वियर - ₹500
मनोज सोनकर - ₹500
मोहम्मद अली - ₹500
जेश रेडिमेट - ₹500
जुनेद रेडिमेट - ₹500
जुबेद रेडिमेंट - ₹500
मोहम्मद राज - ₹500

जुर्माने के साथ-साथ निगम की टीम ने विद्युत खंभों और डिवाइडरों पर लगे अवैध बैनर-पोस्टर को भी मौके से हटाया। सड़क पर रखे गए सामानों की जब्ती की गई और व्यापारियों को सख्त हिदायत दी गई कि वे भविष्य में निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना व्यवसाय संचालित करें।

इस संयुक्त कार्यवाही में पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ निगम के राजस्व निरीक्षक, जोन स्वास्थ्य अधिकारी, स्वच्छता निरीक्षक, सुपरवाइजर एवं बड़ी संख्या में निगम कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम प्रशासन सभी व्यापारियों से अपील करता है कि संडे बाजार के दौरान मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण न करें, ताकि आम नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में असुविधा न हो। नियमों का उल्लंघन करने पर आगे भी इसी प्रकार की दंडात्मक कार्यवाही जारी रहेगी।

