बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, अंतरजिला नेटवर्क का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, अंतरजिला नेटवर्क का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई। सुपेला थाना क्षेत्र में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरजिला मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 3 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जबकि उनके कब्जे से चोरी की 2 मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं।

मामले की शुरुआत कोसा नगर निवासी रामेश्वर यादव की शिकायत से हुई, जिन्होंने थाना सुपेला में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 अप्रैल की रात उनके घर के सामने खड़ी यामाहा एफजेड एस बाइक को अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध दर्ज कर तत्काल जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मुखबिर से अहम सूचना मिली कि संदेही मनीष दास बैरागी अपने साथियों के साथ इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और तीनों संदेहियों को पकड़ लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात को स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि उन्होंने कोसा नगर से यामाहा एफजेड एस बाइक चोरी की थी। इसके अलावा लक्ष्मी नगर क्षेत्र से CD डीलक्स बाइक चोरी करना भी कबूल किया। आरोपियों ने यह भी माना कि वे आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अलग-अलग क्षेत्रों में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष दास बैरागी (21 वर्ष), साजन बैरागी (20 वर्ष) और लक्ष्य साहू (19 वर्ष) शामिल हैं। तीनों आरोपी नेहरू नगर, सुपेला क्षेत्र के निवासी हैं और मिलकर संगठित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। साथ ही प्रकरण में बीएनएस की अतिरिक्त धाराएं जोड़ते हुए आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।