थाना परिसर में रील बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने 2 युवकों को किया गिरफ्तार

भिलाई। उतई थाना परिसर में रील बनाकर उसे सोशल मीडिया पर अपलोड करना दो युवकों को भारी पड़ गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की है।

दुर्ग पुलिस के ऑपरेशन विश्वास के तहत सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो पर संज्ञान लिया गया। वीडियो में एक युवक थाना उतई परिसर के अंदर रील बनाते हुए नजर आया, जिसे बाद में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड किया गया था।

जांच में पुष्टि हुई कि वीडियो थाना परिसर के भीतर ही शूट किया गया था, जिससे प्रशासनिक परिसर की गरिमा प्रभावित हुई। इसके बाद उतई पुलिस ने वीडियो में शामिल दोनों युवकों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से थाना नेवई में आपराधिक प्रकरण दर्ज है। इसी आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुकेश उर्फ हुक्का साहू (27 वर्ष) और कनक चतुर्वेदी (24 वर्ष), निवासी स्टेशन पारा मरौदा, थाना नेवई, जिला दुर्ग के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके पास से वह मोबाइल फोन भी जब्त किया है, जिससे वीडियो रील बनाई गई थी।
