पोइला बैशाख पर ओपन एयर थिएटर में होगा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम
बंगाली नववर्ष कार्यक्रम को सफल बनाने तय की गई जिम्मेदारी

भिलाई। भिलाई बंगाली समाज बीबीएस द्वारा नववर्ष यानी पोइला बैशाख के आयोजन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार को सामाजिक भवन सेक्टर-7 में आयोजित बैठक में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदारियां तय कीं।

यह आयोजन 15 अप्रैल को सिविक सेंटर स्थित ओपन एयर थिएटर में होगा, जहां करीब 3 हजार से अधिक लोगों के शामिल होने की संभावना है। बैठक में आयोजन की हर छोटी-बड़ी व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई। सफाई व्यवस्था से लेकर आम लोगों के बैठने की व्यवस्था, मंच सजावट और सुरक्षा व्यवस्था तक सभी जिम्मेदारियां अलग-अलग लोगों को सौंपी गई हैं, ताकि कार्यक्रम सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

कार्यक्रम की खास बात यह होगी कि इसमें कोलकाता के प्लेबैक सिंगर प्रणय मजूमदार अपनी टीम के साथ लाइव प्रस्तुति देंगे। उनके गीतों से नववर्ष का उत्सव और भी खास बनने वाला है। इसके अलावा आयोजन के दौरान समाज की ओर से कैलेंडर वितरण भी किया जाएगा।
