RTO में रिश्वतखोरी पर ACB का बड़ा एक्शन, क्लर्क रंगे हाथ गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आरटीओ कार्यालय में पदस्थ एक क्लर्क को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी को 14 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता ने ACB से शिकायत की थी कि आरटीओ कार्यालय में कार्यरत डाटा एंट्री ऑपरेटर शोभा राम देवांगन वाहन का नाम ट्रांसफर करने के एवज में रिश्वत मांग रहा है। आरोपी ने फाइनेंस कंपनी की गाड़ी का नाम ट्रांसफर करने के लिए 15 हजार रुपए की मांग की थी।

शिकायत की पुष्टि के बाद ACB टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत शिकायतकर्ता को पैसे देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही आरोपी ने 14 हजार रुपए रिश्वत के रूप में लिए, ACB टीम ने मौके पर दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। यह पूरी कार्रवाई आरटीओ कार्यालय परिसर में ही की गई, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ACB कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ जारी है।
