धारदार हथियार दिखाकर लूट की कोशिश, CCTV के सहारे आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
जेवरा सिरसा में वारदात, एक गिरफ्तार, नाबालिग अभिरक्षा में; हथियार बरामद

भिलाई। दुर्ग जिले के पुलगांव थाना अंतर्गत चौकी जेवरा सिरसा क्षेत्र में लूट का प्रयास करने वाले आरोपियों पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार 7 अप्रैल की रात करीब 7:35 बजे इंटरप्राइजेस गोदाम के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने एक व्यक्ति को रोककर धारदार हथियार दिखाते हुए नगदी लूटने का प्रयास किया था। प्रार्थी की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

विवेचना के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले और मुखबिर से मिली जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद टामन साहू उर्फ डायमंड (19 वर्ष), निवासी शीतला बस्ती, मोहन नगर को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार भी जब्त किया गया है। मामले में एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 312, 331(2) एवं आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
