205 गुम मोबाइल बरामद, 50 लाख की संपत्ति लौटाकर लोगों के चेहरों पर लाई मुस्कान

दुर्ग। जिले में गुम हुए मोबाइल फोन को लेकर चलाए गए विशेष अभियान में दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार प्रयास के जरिए 205 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई वर्ष 2023 से 2026 के बीच दर्ज गुम मोबाइल के मामलों के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा और रायपुर सहित अलग-अलग क्षेत्रों से मोबाइल ट्रेस कर उन्हें वापस हासिल किया। बरामद मोबाइल फोन का सत्यापन करने के बाद अब उन्हें उनके असली मालिकों को सौंपा जा रहा है। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

इस पूरे अभियान में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने निरीक्षक प्रमोद कुमार सरिया के नेतृत्व में अहम भूमिका निभाई। वहीं, इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने की शपथ दिलाई गई और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर भी जानकारी अपलोड करें, ताकि मोबाइल की खोज और ब्लॉकिंग में आसानी हो सके।

मोबाइल गुम या चोरी होने पर क्या करें
यदि उनका मोबाइल फोन गुम अथवा चोरी हो गया है, तो तत्काल नजदीकी थाना में रिपोर्ट दर्ज कराएं। थाना रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत भारत सरकार के CEIR पोर्टल (https://www.ceir.gov.in) पर स्वयं लॉगिन कर गुम मोबाइल की रिपोर्ट अनिवार्य रूप से दर्ज करें। रिपोर्ट दर्ज करने से पूर्व गुम मोबाइल नंबर को अनिवार्य रूप से आबंटित कराएं। पोर्टल पर रिपोर्ट दर्ज करने हेतु थाना रिपोर्ट की प्रति, गुम मोबाइल का बिल एवं आधार कार्ड आवश्यक होगा, जिसे निर्धारित स्थान पर अपलोड करना होगा। रिपोर्ट प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत पंजीकृत मोबाइल नंबर पर OTP प्राप्त होगा। अंत में “Submit” विकल्प चयन करने पर रिपोर्ट सफलतापूर्वक दर्ज हो जाएगी तथा संबंधित रिक्वेस्ट आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक है। उक्त प्रक्रिया पूर्ण करने से गुम मोबाइल की खोज, ब्लॉकिंग एवं आगे की वैधानिक कार्यवाही में सहायता प्राप्त होती है।
