नशा, हथियार लेकर घूमने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, 46 स्थानों पर रातभर चला पुलिस अभियान

नशा, हथियार लेकर घूमने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों पर कार्रवाई, 46 स्थानों पर रातभर चला पुलिस अभियान

भिलाई। दुर्ग जिले में अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने शनिवार रात सघन पेट्रोलिंग अभियान चलाया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 46 चिन्हित स्थानों पर कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, ऐसे स्थानों को पहले से चिन्हित किया गया था जहां युवकों के समूह बनाकर अड्डेबाजी, नशा सेवन और धारदार हथियार लेकर घूमने की शिकायतें मिल रही थीं। अभियान के दौरान इन क्षेत्रों में दबिश देकर संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई और मौके पर मौजूद लोगों को कड़ी समझाइश दी गई।

सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने वालों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्रवार कार्रवाई में धमधा में 10, पुलगांव में 8, पद्मनाभपुर में 7, जामुल में 5 और दुर्ग में 4 मामलों में कार्रवाई दर्ज की गई। इसके अलावा नेवई, अंडा, भिलाई नगर, पुरानी भिलाई और खुर्सीपार क्षेत्रों में भी कार्रवाई की गई।

पुलिस ने बताया कि थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके। अभियान में सभी थाना प्रभारियों और पेट्रोलिंग टीमों की सक्रिय भूमिका रही।